
- दिल्ली की जनता को 400 ‘देवी’ ई-बसें सौंपी मुख्यमंत्री ने
- साल के अंत तक 2080 बसें दिल्ली की सड़कों पर चलाने का लक्ष्य
नई दिल्ली। सीएम रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर (देवी) योजना के तहत कुशक नाला डीडीटी बस डिपो से 400 ई-बसों को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने दिल्ली की जनता को 400 ‘देवी’ ई-बसें सौंपी हैं। इससे दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को लाभ मिलेगा। देवी ई बसों के सड़कों पर चलने से दिल्ली का प्रदूषण स्तर कम होगा। उन्होंने कहा कि आज हमने 400 बसें दी हैं और इस साल के अंत तक 2080 बसें दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली में डीटीसी बेड़े में 400 ई बसों को जोड़ कर जनता की सेवा में समर्पित करने का स्वागत किया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की अरविंद केजरीवाल सरकार ने दस साल तक डीटीसी के बस बेड़े में एक भी बस नही जोड़ी थी। इससे डीटीसी की सभी बसे अपना कानूनी फिटनेस जीवन से भी दो साल अधिक चल चुकी है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कहें तो इनमें लोगों को यात्रा करवाना एक मजबूरी है।
केजरीवाल सरकार की लापरवाही के चलते दिल्ली में बसों की कमी है पर हम इस कमी को दूर करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार एक लक्ष्य लेकर काम कर रही है और हम 2026 के अंत तक दिल्ली वालों को आवश्यकतानुसार 11000 बसों का सार्वजनिक परिवहन बेड़ा देने को प्रयासरत हैं।