नेपाल को मिली पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री, जानें कौन हैं सुशीला कार्की और क्या है उनका सफर

नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस रहीं सुशीला कार्की कल नेपाल की अंतरिम पीएम बनेंगी। उनके नाम पर सहमति बन गई है। काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने उनका समर्थन किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुशीला कार्की ने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से राजनीति शास्त्र में मास्टर्स किया है। उन्होंने 1979 में वकालत में अपना करियर शुरू किया था।

सुशीला कार्की 11 जुलाई 2016 से 6 जून 2017 तक नेपाल की मुख्य न्यायाधीश थीं। 2017 में उनके खिलाफ महाभियोग लाया गया था। सुशीला कार्की पर पूर्वाग्रह और कार्यपालिका में हस्तक्षेप का आरोप लगा था।

दूसरी तरफ नेपाल के पूर्व पीएम केपी ओली ने तख्तापलट के लिए नाम लिए बिना भारत को दोष दिया है। उन्होंने कहा कि राम नेपाल में जन्में थे और लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा हमारा है। मैं इन बयानों से पीछे हट जाता तो मुझे और मौके मिलते।

10 सितंबर के 10 बड़े अपडेट्स

  1. ओली का मैसेज: पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने जेन-जी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और हिंसा व तोड़फोड़ की निंदा की।
  2. नेतृत्व विवाद: सेना मुख्यालय के बाहर अंतरिम नेतृत्व को लेकर जेन-जी युवाओं के बीच बहस और टकराव हुआ।
  3. कर्फ्यू बढ़ा: नेपाली सेना ने कर्फ्यू को गुरुवार सुबह तक बढ़ा दिया है।
  4. कानूनी कार्रवाई स्थगित: सुप्रीम कोर्ट भवन में आग लगने के बाद सभी सुनवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।
  5. कार्की का नाम आगे: प्रदर्शनकारियों के एक गुट ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपने की सिफारिश की।
  6. कैदी फरार: देशभर की जेलों से 13,500 से ज्यादा कैदी भाग चुके हैं।
  7. एयरपोर्ट बंद: त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद कर दिया गया। विदेशी यात्री फंसे हुए हैं।
  8. धाडिंग गोलीकांड: धाडिंग जेल तोड़ने की कोशिश के दौरान सेना की गोलीबारी में एक कैदी की मौत हुई और सात घायल हुए।
  9. मौत का आंकड़ा बढ़ा: नेपाल विरोध प्रदर्शन में अब तक 30 की मौत, 1,033 घायल।
  10. रेस्क्यू शुरू: नेपाल में फंसे भारतीयों के लिए एअर इंडिया ने स्पेशल फ्लाइट शुरू की।

कैदियों को एक से दूसरी जेल में ट्रांसफर किया जा रहा

नेपाल की दिल्ली बाजार जेल में आज सुबह आगजनी की घटना के बाद कैदियों को सुंधारा सेंट्रल जेल में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 55 कैदियों को सुंधारा भेजा जा चुका है, और बाकी कैदियों को भी वहां ले जाया जा रहा है।

रबि लामिछाने का ऐलान- सरकार बनाने की दौड़ में नहीं हूं

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबि लामिछाने ने बुधवार को एक फेसबुक वीडियो में स्पष्ट किया कि वह नई सरकार बनाने की किसी भी कोशिश में शामिल नहीं हैं।

उन्होंने कहा- मैं न तो लीडरशिप की दौड़ में हूं और न ही सरकार बनाने की बैठकों में हिस्सा ले रहा हूं।

लामिछाने ने कहा कि उनके नाम को विवाद में घसीटने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दोहराया- मैंने बार-बार कहा है कि मैं इस दौड़ में नहीं हूं, इसलिए मेरी बदनामी का कोई कारण नहीं है। 

कैदियों ने नेपाल की धाडिंग जेल से भागने की कोशिश की

नेपाल के धाडिंग जेल में कैदियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान नेपाली सेना को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें दो कैदियों की मौत हो गई।

मारे गए कैदियों की पहचान 75 वर्षीय जीत बहादुर घाले (बलात्कार मामले में सजायाफ्ता) और 36 वर्षीय इंद्र बहादुर दला (नशीली दवाओं से जुड़े अपराध में कैद) के रूप में हुई है।

भागने की कोशिश में सात कैदी घायल हुए हैं। कैदियों ने सुबह 9 बजे से ही विद्रोह शुरू कर दिया था, लेकिन हालात दोपहर करीब 1:18 बजे पूरी तरह बिगड़ गए। इस झड़प में छह सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए।

एअर इंडिया ने नेपाल में फंसे यात्रियों के लिए स्पेशल फ्लाइट शुरू कीं

एअर इंडिया ने नेपाल में हाल की घटनाओं के कारण फंसे यात्रियों की मदद के लिए आज और कल दिल्ली से काठमांडू और वापस विशेष उड़ानें चलाई हैं।

कंपनी ने बताया कि उनकी रेगुलर उड़ानें कल से फिर शुरू होंगी। एअर इंडिया ने सरकार और अन्य एजेंसियों को शुक्रिया कहा, जिन्होंने यात्रियों के मदद के लिए तेजी से काम किया।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने नेपाल में चल रही हिंसा के बारे में भारत के विदेश सचिव से बात की है। विदेश सचिव ने नेपाल में फंसे लगभग 1,000 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी का भरोसा दिया है।

सिंधुली जेल से सभी कैदी फरार

नेपाल के सिंधुली जेल से सभी 471 कैदी फरार हो गए हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक, बुधवार सुबह कैदियों ने जेल के अंदर आग लगा दी और मेन गेट तोड़कर बाहर निकल गए। जेल में 428 पुरुष और 43 महिलाएं कैद थीं।

पुलिस अधीक्षक लालध्वज सुबेदी ने बताया कि कैदियों ने सामूहिक रूप से जेल तोड़ने की योजना बनाई थी और भारी हंगामे के बीच वे सभी भागने में सफल रहे। 

नेपाल में फंसे गुजरात से 300 लोग

नेपाल में चल रहे राजनीतिक संकट और हिंसक प्रदर्शनों के बीच गुजरात के 300 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। इनमें भावनगर के 43 और अहमदाबाद के 9 लोग शामिल हैं। सभी गुजरातियों को होटल, वृद्धाश्रम और अन्य जगहों पर सुरक्षा के साथ रखा गया है।

नेपाल में छतरपुर के 14 लोग फंसे, कहा- तोड़फोड़ हो रही

नेपाल में हो रही हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बीच हजारों भारतीयों की तरह एमपी के छतरपुर जिले के भी चार परिवार काठमांडू में फंसे हुए हैं। इन परिवारों में बच्चों सहित कुल 14 लोग हैं, जो सुरक्षित वतन वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगा रहे हैं।

हिंसा के दौरान आगजनी, तोडफ़ोड़ और कई लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। छतरपुर के गल्ला मंडी निवासी व्यापारी पप्पू मातेले, ट्रांसपोर्ट कारोबारी निर्देश अग्रवाल, गुड्डू अग्रवाल और एक कुशवाहा परिवार नेपाल घूमने गए थे। ये सभी लोग इस समय काठमांडू के एक होटल में फंसे हुए हैं।

केपी ओली बोले- नेपाल हिंसा एक गहरी साजिश

पद छोडने के बाद पहली बार पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली ने बयान दिया है। उन्होंने युवाओं के नाम खुली चिट्ठी लिखकर प्रदर्शन को गहरी साजिश बताया है। उन्होंने कार्यालयों में आगजनी और जेल से कैदियों को छुड़ाने जैसी घटनाओं को पहले से तय बताया।

विरोध प्रदर्शनों में अब तक 30 की मौत, 1,033 घायल

नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय मुताबिक अब तक देशभर में 30 लोग मरे और 1033 लोग घायल हुए हैं। बुधवार शाम जारी आंकड़ों के मुताबि, 713 घायल अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं, जबकि 55 लोगों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। इसके अलावा 253 लोग नए भर्ती हुए हैं।

सबसे ज्यादा मरीज सिविल सर्विस अस्पताल में हैं, जहां 436 लोगों का इलाज चल रहा है। नेशनल ट्रॉमा सेंटर में 161 और एवरेस्ट अस्पताल में 109 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। कुल मिलाकर देश के 28 अस्पताल घायलों का इलाज कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें