
NDA CMs Meeting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार को दिल्ली के अशोक होटल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। यह बैठक पूरे दिन चलने की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिसका उद्देश्य ‘विकसित भारत @2047’ की रूपरेखा तैयार करना और सुशासन (Good Governance) के मॉडल पर साझा रणनीति बनाना है।
बैठक की शुरुआत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने विचार व्यक्त करेंगे। इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और पुदुचेरी के मुख्यमंत्री बैठक में शामिल नहीं हैं।
इस बैठक में NDA शासित 20 राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री भाग ले रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि यह बैठक ‘विकसित भारत @2047’ की दिशा में निर्णायक कदम है, जिसके तहत 2047 तक भारत को समृद्ध, समावेशी और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने में राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में प्रमुख मुद्दों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और जातिगत जनगणना पर चर्चा होने की संभावना है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अपने अनुभव साझा कर सकते हैं और सेना की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को जनता तक पहुंचाने के लिए रोडमैप तैयार कर सकते हैं। वहीं, हाल ही में मोदी सरकार ने जातिगत जनगणना करवाने का फैसला लिया है, जिस पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
सभी दलों का मानना है कि ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को पूरा करने के लिए यह बैठक अहम मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने उपमुख्यमंत्री के साथ शामिल हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी भाग ले रहे हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी बैठक में उपस्थित हैं। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हो गए हैं।
यह बैठक NDA सरकार की आगामी योजनाओं और रणनीतियों को आकार देने में अहम भूमिका निभाएगी, जिससे देश के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
यह भी पढ़े : वाशिंगटन में शशि थरूर ने कहा- ‘जो अमेरिका ने झेला वही भारत झेल रहा है’