
लोहाघाट। जीआईसी बापरू में प्रधानाचार्य संजीव कुमार पंत की अध्यक्षता तथा ईको क्लब प्रभारी प्रकाश चंद्र उपाध्याय के संचालन में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में यूथ एवं ईको क्लब तथा वन विभाग के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम, विचार गोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में मोरपंखी तथा फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन क्षेत्राधिकारी आरके जोशी ने कहा कि दूषित हो रहे पर्यावरण के चलते मनुष्य की उम्र निरंतर कम होती जा रही है। इससे बचाव का एकमात्र उपाय पौधारोपण एवं वनों का संरक्षण है। प्रधानाचार्य संजीव कुमार पंत ने पर्यावरण दिवस मनाए जाने का औचित्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जागरूक होने से ही हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं तथा विनाश की ओर बढ़ रहे मनुष्य के जीवन को बचा सकते हैं।
ईको क्लब प्रभारी प्रकाश चंद्र उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं को इस वर्ष के पर्यावरण दिवस की थीम ‘हमारी भूमि’ के अंतर्गत भूमि बहाली, मरुस्थलीकरण और सूखे से बचाव की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर मनुष्य खुद अपने पैरों में कुल्हाड़ी मार रहा है। राजेंद्र कुमार गड़कोटी ने प्लास्टिक से पर्यावरण को हो रहे नुकसान तथा उससे बचाव के उपाय बताए।
पर्यावरण तथा वन संरक्षण पर आधारित विद्यार्थियों की निबंध एवं विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में पीयूष फर्त्याल, गीता फर्त्याल तथा क्रिश जोशी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। वन विभाग की ओर से विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ ही बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।वन दरोगा राजेंद्र भट्ट ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान जगदीश अधिकारी, छत्रपाल पटेल, चित्रा खर्कवाल, वंदना उप्रेती आदि मौजूद रहे।