
Baghpat : दिन निकलते ही बागपत एक बार फिर दहशत की गिरफ्त में आ गया, जहां बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक दुकानदार की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात शहर कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में सामने आई, जिसने पूरे इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया। मृतक की पहचान रिशिपाल के रूप में हुई है, जो बिहारीपुर गांव का ही रहने वाला था और गांव में परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के मुताबिक, रोज़ की तरह रिशिपाल सुबह करीब छह बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां आए। इससे पहले कि रिशिपाल कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही रिशिपाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी बागपत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।पुलिस इस हत्या को पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। बागपत में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े : रोज़ लाखों रुपयों में बेची जा रही अधिकारियों की मौजूदगी, परिवहन की गाड़ी व ऑफिस में बैठे हैं लॉकेशन गैंग के सदस्य!











