
PMC Election : महाराष्ट्र महानगर पालिका चुनावों के दौरान राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। इस बीच, पुणे नगर निगम में एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुणे नगर निगम चुनाव के लिए जारी एबी फॉर्म को फाड़कर निगलने का आरोप एक शिवसेना उम्मीदवार पर लगा है। इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है, और पुलिस ने संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना पुणे के धनकावाड़ी सहकारनगर वार्ड कार्यालय में हुई। बाद में, शिवसेना के ही उम्मीदवार उद्धव कांबले (34) के खिलाफ भारती विद्यापीठ थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि, 15 जनवरी को होने वाले पुणे नगर निगम चुनाव के लिए शिवसेना के दो उम्मीदवारों को एबी फॉर्म जारी किए गए थे। इन्हीं फॉर्म को लेकर शिवसेना के उम्मीदवारों, कांबले और मच्छिंद्र धवले के बीच तीखी बहस हुई।
पुलिस के अनुसार, बहस के दौरान, कांबले ने कथित तौर पर धवले का एबी फॉर्म छीन लिया। फिर, उसने फॉर्म को फाड़ दिया और निगल लिया। इस कृत्य से चुनाव प्रक्रिया में सरकारी कर्मचारी के आधिकारिक कर्तव्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है।
मालूम हो, महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में 15 जनवरी को चुनाव होंगे। इन चुनावों में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को एबी फॉर्म भरना अनिवार्य है। यह फॉर्म दो भागों में होता है- ए और बी, जिनके जरिए राजनीतिक दल किसी व्यक्ति को उम्मीदवार घोषित करता है।
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई और कृत्य के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़े : न्यू इयर पर बदल रहें हैं ये 10 नियम, 8वें वेतन आयोग से लेकर LPG की कीमतों पर पड़ेगा असर















