मौसम : सर्द हवाओं से ठिठुरा ग्वालियर-चंबल, MP के 19 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे लुढ़का

भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्द हवाएं फिर तेज हो गई हैं। उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में ठिठुरन बढ़ा दी है। कई इलाकों में कोहरा छाने लगा है, जिससे दृश्यता भी कम हो गई।

बीती रात में भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया, जबकि रीवा 5.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। प्रदेश में रात के तापमान में औसत 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में गिरावट अभी कुछ दिन जारी रहेगी।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और वर्षा की संभावना है। इन क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे 7 और 8 दिसंबर को ठंड और तेज होने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में उत्तरी हवाएं तो चल रही हैं, लेकिन उनकी तीव्रता कम है। इसी कारण दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में आसमान पूरी तरह साफ है और मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके अलावा एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवनों में ट्रफ के रूप में सक्रिय है।

शुक्रवार रात रीवा प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा रहा। यहां पारा सबसे कम 5.8 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल में 8.2 डिग्री, इंदौर में 11 डिग्री, ग्वालियर में 7.5 डिग्री, उज्जैन में 11.7 डिग्री और जबलपुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगढ़-कल्याणपुर में 6 डिग्री, पचमढ़ी में 6.7 डिग्री, सतना के चित्रकूट में 6.8 डिग्री, शिवपुरी में 7 डिग्री, उमरिया में 7.1 डिग्री, नौगांव में 8.2 डिग्री, सतना में 8.6 डिग्री, दमोह-खजुराहो में 9 डिग्री, गुना में 9.5 डिग्री, सीधी में 9.6 डिग्री, मलाजखंड में 9.7 डिग्री और धार में तापमान 9.9 डिग्री रहा।

यह भी पढ़े : India-Russia Relations : भारत-रूस की दोस्ती पर पूर्व पेंटागन अधिकारी ने ट्रंप को कहा- ‘अमेरिका पाखंड…’

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें