Moradabad : किसानों के समरसेबल पंपों पर चोरों का कहर, स्टार्टर चोरी से सिंचाई व्यवस्था ध्वस्त, किसानों में आक्रोश

Moradabad : मुरादाबाद के थाना भगतपुर क्षेत्र में एक बार फिर चोरों ने किसानों को निशाना बनाकर उनकी कमर तोड़ दी है। बीती रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से खेतों में लगे करीब आधा दर्जन समरसेबल पंपों के स्टार्टर चोरी कर लिए। एक साथ कई किसानों के समरसेबल स्टार्टर चोरी होने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह होते ही जब किसान खेतों पर पहुंचे और सिंचाई के लिए समरसेबल पंप चालू करने लगे, तो उन्हें स्टार्टर गायब मिले। स्टार्टर समरसेबल पंप का सबसे अहम हिस्सा होता है, जिसके बिना पंप चालू ही नहीं हो सकता। इसके चलते पूरे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सिंचाई बाधित होने से किसानों की खड़ी फसलों पर संकट गहराने लगा है। किसानों का कहना है कि समय पर पानी न मिलने से फसलें सूखने की कगार पर पहुंच सकती हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। पहले से ही महंगे बीज, खाद और डीजल की मार झेल रहे किसानों की परेशानी चोरी की इन घटनाओं से और बढ़ गई है।

किसानों ने बताया कि करीब छह महीने पहले भी इसी थाना क्षेत्र में आधा दर्जन किसानों के समरसेबल पंपों के स्टार्टर चोरी हुए थे। उस समय भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी का खुलासा हो सका। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी है।

पीड़ित किसानों ने थाना भगतपुर पुलिस से खेतों में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी हुए स्टार्टर बरामद करने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

वहीं भगतपुर थाना प्रभारी का कहना है कि अभी इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें