Moradabad : नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार, दो महिला तस्कर गिरफ्तार

  • गांजा, 71 हजार नकद और तौल उपकरण बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

Moradabad : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा नशा और नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरादाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में थाना सिविल लाइंस पुलिस ने एक महिला स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

थाना सिविल लाइंस पुलिस ने एसएचओ मनीष सक्सेना के नेतृत्व में रामवती पत्नी श्यामलाल, निवासी चक्कर की मिलक, सैनियों वाली गली, थाना सिविल लाइंस, उम्र करीब 55 वर्ष, को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्ता के कब्जे से 30.80 ग्राम अवैध स्मैक, 71,210 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, स्मैक पैकिंग का सामान और मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तारी के संबंध में थाना सिविल लाइंस पर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्ता के पूर्व आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि स्मैक के अवैध कारोबार में अच्छा मुनाफा होने के लालच में वह चोरी-छिपे स्मैक की खरीद-फरोख्त करने लगी थी। अभियुक्ता ने अपनी गलती मानते हुए आगे से कोई गलत काम न करने की बात कही।

अभियुक्ता के कब्जे से बरामद सामग्री में 30.80 ग्राम अवैध स्मैक, 71,210 रुपये नकद (एक टीन के डिब्बे में), एक ब्राउन रंग का पर्स, दो स्टेपलर व एक स्टेपलर पिन की डिब्बी, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन, सफेद रंग की पुड़िया बनाने की कागज की पर्चियां, 66 खुली हुई पुड़िया की पर्चियां शामिल हैं। यह बरामदगी अभियुक्ता के घर से, सैनियों वाली गली, चौकी कैंप क्षेत्र, थाना सिविल लाइंस से की गई।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ थाना सिविल लाइंस मनीष सक्सेना, उपनिरीक्षक मदन कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक नैन, हेड कांस्टेबल विनय कुमार, वसीम, सुधीर कुमार और हेड कांस्टेबल किरण यादव शामिल रहे।

इसी क्रम में, मुखबिर की सूचना पर थाना सिविल लाइंस पुलिस द्वारा सोनकपुर पुल के नीचे दबिश देकर मादक पदार्थों की तस्कर एक अन्य महिला आदर्श कॉलोनी निवासी पीयूष उर्फ गोलू की पत्नी बबीता को लगभग एक किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बबीता ने बताया कि मादक पदार्थों के इस कारोबार में अच्छा मुनाफा होने के कारण वह लंबे समय से इस धंधे में लगी हुई थी।

दोनों महिला तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सख्ती का संदेश गया है और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें