ब्यूटी पार्लर संचालिका की रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप, थाने में शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

मुरादाबाद। थाना कटघर के डबल फाटक क्षेत्र की रहने वाली ब्यूटी पार्लर संचालिका आशी की संदिग्ध मौत ने पूरे मुरादाबाद में सनसनी फैला दी है। मौत के बाद परिजनों ने शव को कटघर थाने के बाहर रखकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस पर भ्रष्टाचार, लापरवाही और आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात आशी अपनी सहेली शिखा और दो युवकों के साथ थाना मूंढापांडे क्षेत्र में गई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक वहां तीन और युवक मिले और सभी ने साथ में मोमोज खाने का प्लान बनाया। रात करीब नौ बजे के बाद आशी घर नहीं लौटी। परिजनों ने जब तलाश की तो कुछ घंटे बाद सूचना मिली कि एक युवती सड़क किनारे बेहोश हालत में पड़ी है।

युवती के शरीर पर गहरे चोटों और घसीटे जाने के निशान थे। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया। मृतका की मां ने रोते हुए कहा कि “मेरी बेटी को चार–पांच लड़के जंगल में ले गए और उसके साथ रेप किया। उसके शरीर पर कांटे और चोटों के निशान थे। कपड़ों और बालों में कांटे फंसे थे, जिन्हें मैंने अपने हाथों से निकाला।”

परिजनों का आरोप है कि आशी को उसकी सहेली शिखा ने घर से बुलाया था और उसके साथ जतिन व अनमोल नाम के युवक भी थे- जो दलपतपुर के रहने वाले हैं। परिजनों ने बताया कि उन्होंने 14 अक्टूबर की रात ही कटघर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिवार का कहना है कि अगर पुलिस ने उस रात ही कार्रवाई की होती, तो शायद आज उनकी बेटी ज़िंदा होती।

उनका आरोप है कि पुलिस ने “पैसे लेकर” आरोपियों को छोड़ दिया और पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। 21 अक्टूबर को मेरठ में इलाज के दौरान आशी ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवारजन शव लेकर सीधे कटघर थाने पहुंचे और गेट पर शव रखकर नारेबाजी शुरू कर दी।
“हमें न्याय दो, भ्रष्ट पुलिस शर्म करो, आरोपियों को फांसी दो” जैसे नारों से पूरा थाना गूंज उठा।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ कटघर और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
एसपी सिटी ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया और कहा कि “जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जबरन शव अपने कब्जे में ले लिया और बताया भी नहीं कि कहां ले जाया गया। उन्होंने कहा, “जब तक जतिन, अनमोल और शिखा को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, हम आंदोलन जारी रखेंगे।”

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने कहा “युवती अपने दोस्तों के साथ मूंढापांडे क्षेत्र में गई थी, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुई। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।आशी (ब्यूटी पार्लर संचालिका), निवासी डबल फाटक निवासी बताई जाती हैं।

आशी की मौत के बाद पूरे मुरादाबाद में शोक और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों को फांसी देने की अपील कर रहे हैं। हत्या से पहले रेप की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़े : Lakhimpur Kheri : एसआई युवराज ने अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा कसा, दो गिरफ्तार

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें