Moradabad : शादी समारोह में फायरिंग से मचा हड़कंप, आरोपी फरार

Moradabad : एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब हंसी-खुशी के माहौल में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत ए.सी. फार्म हाउस, मोरा मुस्तकहम का है, जहां शादी समारोह के दौरान हवाई फायरिंग को लेकर खूनी विवाद होते-होते बचा। इस घटना में एक युवक की जान बाल-बाल बची, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, हरथला सब्जी मंडी निवासी विशाल चौधरी पुत्र नन्हे चौधरी अपने मित्र वरुण पाल की शादी में शामिल होने ए.सी. फार्म हाउस गए हुए थे। शादी का जश्न पूरे जोश में चल रहा था, तभी वहीं मौजूद अकुर पाल पुत्र नन्हे निवासी ग्राम काजीपुरा थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद ने अचानक अपने पास मौजूद देशी तमंचे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी।

विशाल चौधरी ने जब अकुर पाल को ऐसा करने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर अकुर पाल ने विशाल चौधरी की छाती पर तमंचा रखकर गोली चलाने की कोशिश की। उसी दौरान विशाल ने समझदारी दिखाते हुए उसका हाथ झटक दिया, जिससे गोली ऊपर की ओर चली गई और वह मौत के मुंह में जाने से बच गए।

घटना को मौके पर मौजूद लोगों दीपक चौधरी पुत्र सतेंद्र सिंह निवासी मोरा मिलक, आशीष सक्सेना पुत्र श्यामलाल सक्सेना निवासी मिलन विहार दिल्ली रोड, और अपिल चौधरी पुत्र कुलदीप चौधरी निवासी हरथला सब्जी मंडी ने अपनी आंखों से देखा। फायरिंग की यह घटना 2 नवंबर 2025 की रात करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है।

फायरिंग के बाद अकुर पाल मौके से फरार हो गया। पीड़ित विशाल चौधरी ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि विशाल चौधरी शादी समारोह में था, जहां अंकुर पाल नाम के व्यक्ति ने उसकी छाती पर तमंचा तान दिया और उसके बाद हवा में फायरिंग भी की थी। इस घटना को लेकर पीड़ित ने थाना सिविल लाइन पुलिस को एक तहरीर दी थी।

यह बारात की घटना मोरा मुस्तकहम की है। तहरीर प्राप्त कर थाना सिविल लाइन पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। अंकुर पाल मौके से फरार हो गया था। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अंकुर पाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी बताया गया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। इसके खिलाफ पूर्व में भी धारा 307 आईपीसी के तहत कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें