
Moradabad : दीपों के इस पर्व पर मुरादाबाद के डीएम अनुज सिंह ने प्रशासनिक दायित्व के साथ मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। उन्होंने अपने गोद लिए आदर्श कॉलोनी और हबुड़ा बस्ती में पहुँचकर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस दौरान डीएम अनुज सिंह के साथ स्थानीय पार्षद राधा रानी, उनके पति हरदीप सिंह, सीओ सिविल लाइन कुलदीप गुप्ता, इंस्पेक्टर सिविल लाइन मनीष सक्सेना, डीएसओ टीम एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने गरीब परिवारों को दीपावली की मिठाइयाँ और एक महीने का राशन वितरित किया।
डीएम अनुज सिंह ने स्वयं गरीब परिवारों के घर-घर जाकर दीप जलाए और बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का असली आनंद तभी है, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर रोशनी और मुस्कान हो।
मौके पर चौकी इंचार्ज फकीरपुरा देवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार सहित चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी भी मौजूद थे।
हबुड़ा बस्ती और आदर्श कॉलोनी में डीएम के पहुँचने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चों ने फुलझड़ियाँ जलाकर और मिठाइयाँ खाकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। पूरा माहौल दीपों की रोशनी और मुस्कानों से जगमगा उठा।