
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार रामनगर कालोनी निवासी भूप किशोर सैनी उर्फ पप्पू (52 वर्ष) किसान थे। शुक्रवार सुबह किसान भूप किशोर का शव घर से कुछ ही दूरी पर एक खाली प्लाट के गेट के सहारे लटका मिला।
पुलिस मौके पर पहुंच कर गेट खुलवाया और शव को फंदे से नीचे उतारा। बाद में फॉरेंसिक विभाग की टीम से जांच पड़ताल कराने के बाद पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने लगी तो लोगों ने हंगामा कर दिया। बेटे सूरज सैनी ने प्लाट के मालिकों और कुछ अन्य लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया।
बताया गया कि प्लाट मालिक, उसकी बहन और उनके दो बेटों ने बीते 18 मई को जबरन प्लाट का गेट उत्तर दिशा में खोल दिया था। जबकि रजिस्ट्री में प्लाट का रास्ता दक्षित दिशा में है। इसमें तीन पार्षदों ने भी आरोपियों का साथ दिया था।
यह भी आरोप लगाया कि गेट खुलवाने के बाद आरोपियों ने धमकी भी दी थी। उसी रंजिश में आरोपियों ने शुक्रवार सुबह मार कर लटका दिया है। फिलहाल पुलिस ने किसी तरह केस दर्ज करने का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।