
बीकानेर : बीकानेर के विधायक जेठानंद व्यास मंगलवार को एक बार फिर नगर निगम के कांजी हाउस पहुंचे। इस निरीक्षण का उद्देश्य पिछले दौरे के दौरान देखी गई अव्यवस्थाओं के बाद किए गए सुधारों की स्थिति का जायजा लेना था।
पिछली बार जताई थी नाराजगी
5 अप्रैल को विधायक जेठानंद व्यास ने अचानक कांजी हाउस का दौरा किया था, जहां उन्होंने कई गौवंश के भूख-प्यास से तड़पने और मरने की स्थिति देखकर कड़ा रोष जताया था। उस समय उन्होंने निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम ने अतिरिक्त पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार का दावा किया था।
इस बार निरीक्षण में दिखे संतुष्ट
करीब डेढ़ महीने बाद एक बार फिर विधायक व्यास कांजी हाउस पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे तक प्रत्येक कोने का गहन निरीक्षण किया। पिछली बार के मुकाबले इस बार वे शांत और संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि:
“इस बार चारे, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं पहले से बेहतर हैं। यह देखकर संतोष हुआ।”
बजट के सदुपयोग की अपील
विधायक ने कहा कि जब राज्य सरकार द्वारा पूरा बजट उपलब्ध कराया जाता है, तो यह जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि बजट का उचित उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों को भी सजग और संवेदनशील रहते हुए कार्य करना चाहिए ताकि पशुधन के साथ अन्याय न हो।
ये भी पढ़े – Share Market : शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
निरंतर निरीक्षण की प्रतिबद्धता
व्यास ने कहा कि वे आगे भी समय-समय पर कांजी हाउस का निरंतर निरीक्षण करते रहेंगे, ताकि सुधार की प्रक्रिया बनी रहे और कोई गड़बड़ी न हो। उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता सूरज प्रकाश राव सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।