
- सिवालखास विधानसभा के हर बूथ पर एसआईआर की समीक्षा करेंगे प्रभारी
Meerut : आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसआईआर अभियान में खूब जोर लगा रखा है। जिससे साबित होता है कि समाजवादी पार्टी की रणनीति इस एसआईआर अभियान के बहाने बूथ स्तर तक खुद को मजबूत करने की है। इसी अभियान की समीक्षा के लिए सिवालखास में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। जिसमें प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष सहित समाजवादी पार्टी के कई नेता शामिल होंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश भर में चलाए जा रहे एसआईआर अभियान को लेकर सपा शुरुआत से ही गंभीर है और किसी ना किसी बहाने इस अभियान में खुद की उपस्थिति दर्ज करा रही है। सिवालखास विधानसभा की बात करें तो अभियान की शुरुआत से ही समाजवादी पार्टी के नेता सक्रिय नजर आ रहे हैं। जिसके चलते सपा नेताओं ने बीएलओ का सहयोग करने के लिए बीएलए नियुक्त किए है, जिनसे रोजाना अपडेट लिया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष तसव्वर अली ने बताया कि क्षेत्र में 371 बूथों पर बीएलए नियुक्त किए गए हैं और हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता इस अभियान का हिस्सा बनने से वंचित ना रह जाए। सपा नेता नदीम चौहान ने बताया कि इसी अभियान की समीक्षा के लिए कस्बा सिवालखास में विशेष बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में प्रभारी आकिल मुर्तजा के साथ जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी शामिल होंगे और बीएलए को इस अभियान के बारे में जानकारी देंगे, ताकि अंतिम समय में कोई दिक्कत ना आए।
नदीम चौहान, पूर्व प्रत्याशी सिवाल खास विधानसभा- “वोट का अधिकार जनता के पास एक ऐसा अधिकार है, जिससे वे अपने भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। लोकतंत्र को मजबूत कर सकते हैं और देश के विकास में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं। इसलिए हमारा प्रयास है कि सभी पात्र मतदाता इस अभियान का हिस्सा बनें।
तसव्वर अली, अध्यक्ष सिवाल खास विधानसभा – समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर प्रत्येक पात्र व्याक्ति की वोट को बचाने का कार्य कर रहे हैं और हमारा यह प्रयास 11 दिसंबर तक चलेगा। जिससे लोगों को लाभ मिलेगा और वे अपना फॉर्म जमा कर पाएंगे।











