
- हादसे में हरेंद्र और विनोद की करेंट में झुलसने से हुई मौत
मथुरा। वृंदावन में बिजली के मीटर बदलने के दौरान एक बड़ा हादसा घटित हो गया जिसमें मथुरा के रहने वाले हरेंद्र(28) और विनोद (26) की मौत हो गई और एक घायल है। तीनों विद्युत कर्मी परिक्रमा मार्ग वृंदावन में मीटर बदलने गए हुए थे। तभी अचानक सप्लाई चालू होने से हादसा घटित हुआ घायलों को तत्काल इलाज के लिए निकट के अस्पताल ले जाया गया जहां दो लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना उस समय की है जब हरेंद्र और विनोद और राम चौधरी तीनों विद्युत कर्मी मीटर बदलने के लिए श्यामा श्याम आश्रम के समीप कार्य कर रहे थे। उन्होंने काम करने से पूर्व विद्युत उपकेंद्र से शटडाउन भी मांगा था था। कार्य करने के दौरान ही सप्लाई चालू कर दी गई, करेंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। जिनको तत्काल सिटी हॉस्पिटल मथुरा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए परिजनों शव के साथ मथुरा कैंट बिजली घर पहुंच कर रोड जाम कर दिए। विद्युत कार्यालय के अधिकारी भी लोगों की भीड़ देखकर वहां से भाग खड़े हुए।
आगरा मथुरा जाने वाले मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। जिसके बाद तत्काल एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह दलबल के साथ कैंट बिजली घर पहुंच गए। एसपी श्री राजीव कुमार सिंह ने विद्युत निगम अधिकारी को बुलाया और दोनों पक्षों में बातचीत हुई। करीब 1 घंटे के बाद जाम खोल दिया गया। दोनों पक्षों में इस बात पर सहमति बनी की घटना के लिए जिम्मेदार पर रिपोर्ट दर्ज हो और मुआवजा मिले।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मीटर में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई है। मथुरा आगरा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया गया था अभी बातचीत के बाद जाम खुलवा दिया गया है।
अधिशाषी अभियंता ए के कपिल ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है, कि आखिर सप्लाई किस तरह से चालू की गई।