Mathura : वृन्दावन में साध्वी हत्याकांड का खुलासा, मकान हथियाने के षड्यंत्र में शामिल 6 आरोपी गिरफ्तार

Vrindavan, Mathura : थाना वृन्दावन पुलिस ने वृद्ध साध्वी की हत्या कर उनकी संपत्ति हड़पने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना वृन्दावन द्वारा मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस के अनुसार मृतका श्रीमती चन्द्रमुखी देवी उर्फ चित्रा दासी पत्नी स्व. जयदेव झा, निवासी गौशाला नगर, वृन्दावन कुछ समय पूर्व रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। उनकी गुमशुदगी के बाद भी कोई सुराग न लगने पर महंत लाड़ली दास द्वारा उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आशंका जताई गई थी कि चन्द्रमुखी देवी की हत्या कर उनके मकान को बेच दिया गया है। प्रकरण की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक मथुरा द्वारा कराए जाने के उपरांत थाना वृन्दावन पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने अभियुक्त अभिषेक शर्मा को मंगलवार को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह चन्द्रमुखी के मकान के पीछे बने बेसमेंट में जिम चलाता था और कर्ज में डूबा हुआ था। जिसके चलते उसने अपने साथी विकास मिश्रा, विजय सिंह, वकील मोहम्मद, मोहम्मद आरिफ व ओमकार सिंह के साथ मिलकर चन्द्रमुखी देवी की हत्या कर शव का केसी घाट, वृन्दावन पर अंतिम संस्कार करवा दिया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने मृतका के घर का ताला तोड़कर मकान के बैनामे की मूल प्रति, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी आदि दस्तावेज चोरी कर फर्जी वसीयत व कूटरचित कागजात तैयार कर मकान बेच दिया। क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें