
Mathura : करवा चौथ हर महिला के जीवन में एक अनमोल दिन होता है, जब महिला अपने जीवनसाथी की लंबी उम्र और सुखमय जीवन की कामना करती है। ऐसी ही कुछ महिलाएँ भी हैं, जो अपने जीवनसाथी से दूर, जिला कारागार की ऊंची-ऊंची दीवारों के पीछे अपनी सजा काट रही हैं। उनके लिए भी यह पर्व उतना ही पवित्र और भावनाओं से भरा होता है।
शुक्रवार को खजानी वेलफेयर सोसाइटी उन्हीं महिला बंदियों के साथ करवा चौथ की खुशियाँ साझा करने के लिए पहुँची। जिला कारागार में रह रही करीब 35 बंदियों ने करवा चौथ का व्रत रखा। सभी महिलाओं को व्रत की सामग्री, मिट्टी से बने करवा, थाली, छलनी और पूजन सामग्री भेंट की गई।
खजानी बुमेन्स पालीटेक्निक की हेड शिप्रा राठी ने बताया कि हमारी यही कोशिश है कि कोई भी महिला अपने त्योहार की खुशी से वंचित न रहे।
जिला कारागार प्रशासन और पालीटेक्निक की छात्राओं द्वारा निर्मित करवा चौथ की सामग्री महिलाओं को भेंट की गई। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि खजानी द्वारा इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं और महिला बंदियों को प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
यह भी पढ़े : Today Gold Rate : सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी जारी, नए शिखर पर सोना और चांदी