Mathura : बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर कमेटी पर हकों के हनन का आरोप

  • वृंदावन में सेवायत समाज की महिलाओं का शांतिपूर्ण विरोध

Vrindavan, Mathura : भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी श्रीधाम वृंदावन स्थित सुप्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में शनिवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मंदिर के लिए गठित हाई पावर कमेटी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कमेटी पर उनके पारंपरिक और धार्मिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल के आदेशों से उनका सम्मान और आस्था दोनों आहत हो रहे हैं।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि हाई पावर कमेटी के अध्यक्ष द्वारा लगातार ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनसे सेवायत समाज के पुश्तैनी अधिकारों पर कुठाराघात हो रहा है। महिलाओं ने विशेष रूप से जगमोहन से दर्शन पर रोक लगाए जाने का विरोध किया। उनका कहना था कि जगमोहन से दर्शन करना उनकी वर्षों पुरानी परंपरा रही है, लेकिन अब उन्हें आम श्रद्धालुओं की तरह भीड़ में धक्के खाते हुए दर्शन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

सेवायत समाज की महिला नीलम गोस्वामी ने कहा कि हाई पावर कमेटी द्वारा जगमोहन जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह मंदिर उनके पूर्वजों की सेवा और साधना से संचालित होता रहा है, तो आज गोस्वामी समाज की महिलाओं और उनके रिश्तेदारों को ही वहां से दर्शन करने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोस्वामी समाज की महिलाएं जगमोहन से ही ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन करना चाहती हैं और यह उनका स्वाभाविक व पारंपरिक अधिकार है।

श्यामा गोस्वामी ने कहा कि उनके पुश्तैनी मंदिर में ही उन्हें चारदीवारी के भीतर कैद कर दिया गया है। उन्होंने पूछा कि क्या गोस्वामी समाज की महिलाएं कोई अव्यवस्था फैला रही हैं? फिर उन्हें इस तरह से प्रतिबंधित क्यों किया जा रहा है। उन्होंने हाई पावर कमेटी के आदेशों को तानाशाही करार देते हुए कहा कि यह कमेटी भीड़ नियंत्रण के लिए बनाई गई थी, न कि सेवायत समाज की परंपराओं से खिलवाड़ करने के लिए।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मांग की कि हाई पावर कमेटी अपने निर्णयों पर पुनर्विचार करे और सेवायत समाज की महिलाओं को उनके पारंपरिक अधिकारों के अनुसार जगमोहन से दर्शन की अनुमति दी जाए। उनका कहना था कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें