
Mathura : मथुरा में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ली है। देर रात से जिलेभर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह होते ही सड़कें, गलियां और हाईवे सफेद चादर में लिपटे नजर आए। आगरा–दिल्ली नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। हालात ऐसे थे कि हाथ को हाथ सूझना भी मुश्किल हो गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। कई वाहन चालक सुरक्षा के मद्देनजर सड़क किनारे अपने वाहन रोकने को मजबूर हो गए। ग्रामीण इलाकों में कोहरे का असर शहर की तुलना में ज्यादा देखने को मिला, जहां खेतों और संपर्क मार्गों पर दृश्यता लगभग शून्य रही। ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों, अलाव और हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
धार्मिक नगरी वृंदावन में भी कोहरे का खासा असर देखने को मिला, जहां सुबह की आरती और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को कठिनाई हुई। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट का प्रयोग करें।
यह भी पढ़े : यूपी में ‘जब वी मेट’ की प्रीत ने खाया जहर..! प्रेमी से शादी करने के लिए दिल्ली से रायबरेली पहुंची… फिर मिला धोखा











