
Vrindavan, Mathura : मतदाता विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को गति देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को वृंदावन में अनोखा जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम चलाया। उन्होंने कैलाश नगर स्थित बूथ संख्या-64 पर घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया और SIR फॉर्म वितरित किए।
पाठक ने वोटर सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और सत्यापन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी सुनिश्चित करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, क्योंकि हर मत देश की दिशा तय करता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति अनधिकृत रूप से सूची में शामिल है, उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
यह अभियान निष्पक्ष और पारदर्शी है तथा भारत निर्वाचन आयोग की मदद से चलाया जा रहा है ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूट न जाए। पाठक ने बताया कि निर्वाचन आयोग इससे पहले 2011 में भी ऐसा अभियान चला चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रक्रिया में राजनीति तलाश रहा है और इसी कारण अनावश्यक आरोप लगा रहा है।
अभियान में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजू यादव और कार्यकर्ता भी साथ रहे, जिन्होंने मतदाताओं को फॉर्म भरने और जमा करने में सहयोग किया। स्थानीय संवाद कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद वे प्रेम मंदिर स्थित राधा निकुंज होटल में आयोजित विवाह समारोह के आशीर्वाद कार्यक्रम में शामिल हुए।










