
- किसानों से की फोन से वार्ता, रिकॉर्ड खंगाल डाले
Mathura : रासायनिक खाद की भरमार के बीच मची मारामार को समझने के लिए जिलाधिकारी ने खाद गोदामों की टोह ली। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने विकास खंड मथुरा की बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति धनगांव का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समिति के अभिलेखों, गोदामों और संचालन प्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अभिलेखों में सुधार करने और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने समिति से खरीदे गए खाद के बारे में किसान चंद्रपाल से फ़ोन से वार्ता की तथा जानकारी ली कि उसके द्वारा खाद क्रय किया गया है या नहीं। किसान चंद्रपाल द्वारा अवगत कराया गया कि उसके द्वारा ही खाद क्रय किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने ओवररेटिंग के बारे में पूछताछ की तथा खाद, बीज, उर्वरक आदि की समस्या के विषय में जानकारी भी ली।