
जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में दहेज की खातिर एक महिला को ससुरालियों द्वारा छत से फेंके जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने पति समेत ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। वहीं महिला का छत से गिरने का वीडियो भी सामने आया है।

मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के तिलक नगर इलाके का है। जहां की निवासी महिला आमना का छत से गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं श्याम नगर निवासी महिला के पिता ने मामले को लेकर बताया कि उसने अपनी बेटी का विवाह तिलक नगर निवासी आरिफ पुत्र रहमतुल्लाह से किया था। उसकी पुत्री के पहले विवाह से तीन सन्ताने थीं। शादी के पहले यह तय हुआ था कि बच्चों व उनकी बेटी की देखरेख आरिफ करेगा। लेकिन आरिफ ने दो बच्चो को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। साथी ही उसकी बेटी को भी दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। गुरुवार को उसके ससुरालियों ने मारपीट करते हुए उसे छत से फेंक दिया। जिससे उसकी पुत्री को गम्भीर चोटे आईं हैं और वह अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता के पिता ने पुलिस से कार्यवाही की मांग की है।
