
इंदौर : भाजपा ने पाँच साल पहले संभागीय संगठन मंत्री का पद समाप्त कर संभागीय संगठन प्रभारी की नई व्यवस्था लागू की थी, जिनका दायित्व सत्ता और संगठन के बीच समन्वय बनाए रखना है। अब इस पद पर नए सिरे से महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इंदौर संभाग में जहाँ पहले संघ पृष्ठभूमि वाले नेताओं को जिम्मेदारी दी जाती थी, वहीं इस बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह जिम्मा रणवीर सिंह रावत को सौंपा है। रावत वर्तमान में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और शिवपुरी जिले की करेरा विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। वे मीणा समाज से आते हैं और पहले प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं।
प्रदेश के 13 संभागों में अन्य नियुक्तियाँ भी की गई हैं। सागर संभाग की कमान प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे को दी गई है, जबकि ग्वालियर संभाग का संगठन प्रभारी डॉ. निशांत खरे को बनाया गया है। इंदौर में इससे पहले भगवानदास सबनानी, राघवेंद्र गौतम और जयपाल सिंह चावड़ा को यह जिम्मेदारी मिल चुकी है।
उज्जैन संभाग में पहली बार किसी महिला नेता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े को उज्जैन का संगठन प्रभारी बनाया गया है। यह वही क्षेत्र है जहाँ मुख्यमंत्री मोहन यादव का गृह जिला उज्जैन आता है।
निमाड़ क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सुमेर सिंह सोलंकी को छिंदवाड़ा संभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है।










