महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका : एमएलसी प्रज्ञा सातव भाजपा में शामिल

मुंबई। महाराष्ट्र में कांग्रेस को गुरुवार को बड़ा झटका लगा जब विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रज्ञा सातव ने भाजपा का दामन थाम लिया। सातव ने महाराष्ट्र विधानमंडल के उच्च सदन से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कदम स्थानीय निकाय चुनावों के बीच कांग्रेस के लिए भारी झटका माना जा रहा है।

प्रज्ञा सातव, जो मराठवाड़ा के हिंगोली जिले की निवासी हैं, दिवंगत कांग्रेस नेता राजीव सातव की पत्नी हैं। राजीव सातव को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का करीबी और भरोसेमंद माना जाता था। प्रज्ञा सातव पहली बार 2021 में महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्य चुनी गई थीं। उनके अलावा, सोलापुर के पूर्व विधायक दिलीप माने ने भी भाजपा का दामन थामा।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने भाजपा पर लोकतंत्र का सम्मान न करने और नेताओं को पैसे और पदों का लालच देकर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया। वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने नागपुर में पत्रकारों से कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में घमंडी हो गई है और लोकतांत्रिक नियमों का पालन नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस- मुक्त भारत की बात की थी, लेकिन भाजपा ने कई कांग्रेस नेताओं को अपनी ओर खींच लिया है। पटोले ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो भाजपा जल्दी ही कमजोर हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सातव को क्या लालच दिया गया, यह समय आने पर स्पष्ट होगा, लेकिन जो हुआ वह गलत है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें