
चमोली : उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोनला क्षेत्र में सेना के जवानों को ले जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में बस सवार 31 जवानों में से 7 जवान घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा गया। घायल जवानों का प्राथमिक उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।
बताया गया कि यह बस आर्मी के जवानों को जोशीमठ से देहरादून के रायवाला ले जा रही थी। हादसे के बाद कर्णप्रयाग के उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।