
Mainpuri : किशनी थाना क्षेत्र से गुजरने वाले झांसी–बरेली मार्ग पर दाड़ी भट्ठा के समीप देर रात हुए सड़क हादसे में कन्नौज जनपद की एक 65 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना रात लगभग 9:20 बजे हुई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो की इतनी जोरदार टक्कर थी कि महिला कई फुट दूर उछलकर जा गिरी और उनकी तत्काल मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान निर्मला देवी 65 पत्नी राजपाल सिंह, निवासी हुसैनपुर करन, थाना सौरिख, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। मृतका निर्मला देवी मैनपुरी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस कन्नौज लौट रही थीं। रास्ते में वह टॉयलेट करने के लिए गाड़ी से उतरी ही थीं कि अचानक तेज रफ्तार गाड़ी आ गई, जिसकी टक्कर से वह दूर जा गिरी। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही किशनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
किशनी पुलिस ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर रात करीब 10:30 बजे जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी देकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।











