
Mainpuri : औंछा थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुरावली थाना क्षेत्र के नगला गढ़ निवासी भानु यादव ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बहन प्रवीणा देवी की शादी करीब दस वर्ष पूर्व प्रहलादपुर निवासी शेषपाल पुत्र चंद्रशेखर से हुई थी। भानु के अनुसार, शादी के बाद से ही शेषपाल शराब के नशे में प्रवीणा के साथ आए दिन मारपीट करता था। परिजनों ने कई बार पंचायतों के माध्यम से मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
अस्पताल में शव छोड़कर फरार हुए ससुरालीजन
भानु यादव ने बताया कि बुधवार रात उन्हें सूचना मिली कि बहन के साथ शेषपाल, जेठ लाखन सिंह और जेठानी मंजू ने मारपीट की। गंभीर हालत में प्रवीणा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग प्रवीणा को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने भानु यादव की तहरीर पर ससुराल पक्ष के खिलाफ गला घोंटकर हत्या का मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी औंछा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष है, वहीं मृतका के मायके पक्ष ने न्याय की गुहार लगाई है। परिवार में आकस्मिक हुई महिला की मौत से मायके पक्ष का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह भी पढ़े : प्रधानमंत्री मोदी ने कर्पूरी ठाकुर के गांव पहुंच कर जननायक को किया नमन
मुख्यमंत्री योगी का बड़ा निर्णय, 30 साल बाद बढ़ेंगे पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के वित्तीय अधिकार












