Mainpuri : किशनी में सरकारी जमीन पर दबंगों का कब्जा, ग्राम प्रधान ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

Mainpuri : जनपद मैनपुरी की तहसील किशनी क्षेत्र में दबंगों द्वारा सरकारी बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत महोली शमशेरगंज के वर्तमान ग्राम प्रधान बलराज यादव ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी किशनी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि कुछ दबंग व्यक्ति प्रशासनिक मिलीभगत के सहारे ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत महोली शमशेरगंज में खसरा संख्या 4256 (मि०) कुल रकबा लगभग 20 बीघा 15 बिसा दर्ज है, जिसमें से 5 बीघा 15 बिसा भूमि ग्राम पंचायत की ऊसर भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि पर बिना विधिवत पैमाइश कराए ही सूरज सिंह और कश्मीर सिंह द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है।

प्रधान बलराज यादव का कहना है कि पहले केशवानंद महाराज द्वारा लगभग तीन बीघा से अधिक भूमि राष्ट्रपति के नाम दर्ज कराई गई थी। इसके बाद शेष भूमि विभिन्न व्यक्तियों के नाम दर्ज है, लेकिन वर्तमान में सरकारी भूमि को एक स्थान पर चिन्हित कर दबंगों द्वारा कब्जा करने की साजिश रची जा रही है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों में यह चर्चा भी है कि इस पूरे मामले में प्रशासन का सहयोग भी मिल रहा है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि खसरा संख्या 4256 (मि०) की निष्पक्ष और सही तरीके से पैमाइश कराई जाए तथा सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो मामला बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

फिलहाल ग्रामीण जमीन पर किए जा रहे अवैध कब्जे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं, जिसमें साफ-साफ देखा जा सकता है कि मिल-जुमला नंबर में बिना चिन्हांकन के एक तरफ बेशकीमती जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।

शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन की भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हैं। अब देखना यह होगा कि सरकारी जमीन को भू-माफियाओं से बचाने के लिए प्रशासन कितनी तत्परता और सख्ती दिखाता है और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराता है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें