
Mainpuri : मैनपुरी में बुधवार को एडीजी जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ अचानक पहुंचीं। उनके जिले में कदम रखते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एडीजी ने पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय का गहन निरीक्षण कर कानून व्यवस्था, सुरक्षा तैयारियों, महिला सुरक्षा और लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता के साथ व्यवहार में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखें। अपराध और भ्रष्टाचार पर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर थाना प्रभारी की पहली प्राथमिकता शिकायतकर्ताओं को त्वरित न्याय दिलाना होनी चाहिए।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ इसके बाद निर्माणाधीन ‘पिंक बूथ’ भी पहुंचीं। उन्होंने वहां की प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि यह बूथ महिला सुरक्षा और सुविधा की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पिंक बूथ पर पूरी तरह महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगी, ताकि महिलाएं बिना झिझक अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए एडीजी ने निर्देश दिए कि पिंक बूथ को जल्द से जल्द क्रियाशील किया जाए। सूत्रों के अनुसार, इस पिंक बूथ का उद्घाटन स्वयं एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा किया जाएगा।
इस मौके पर एसपी मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा, सीओ नगर सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी के इस दौरे से मैनपुरी पुलिस में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का संचार देखा गया।
यह भी पढ़े : विजय देवरकोंडा ने सबके सामने रश्मिका मंदाना पर लुटाया प्यार










