
मैनपुरी। मैनपुरी के भोंगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मक्खनपुर में मंगलवार शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई खूनी झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चार बीघा जमीन का विवाद चल रहा था। मारपीट की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसा का रूप
जानकारी के मुताबिक, बीते मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे रामगोपाल पक्ष और फूलसिंह, धनपाल, मोहरपाल पक्ष के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया गया कि गिरेंद्र पुत्र अतर सिंह (45 वर्ष) जब अपने ट्रैक्टर से खेत जोतने के बाद गांव लौट रहा था, तभी विरोधी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। गिरेंद्र के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस हमले में गिरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई, पत्नी, मां रेशमा और रामगोपाल का पुत्र अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

15 दिन पहले जमीन की हुई थी पैमाइश
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग ने विवादित भूमि की नाप-तौल कराई थी। पैमाइश के बाद रामगोपाल पक्ष ने सरसों बोकर खेत की जोताई की थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पुलिस बोली.जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच पड़ताल शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।