
महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के उच्चाधिकारियों ने नववर्ष के साथ ही पिछले वर्ष की अपेक्षा और बेहतर करने का संकल्प लिया है। गुरुवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित कर विकास कार्यों पर जोर दिया तो वहीं पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बेहतर पुलिसिंग का संकल्प लिया है। ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके। अधिकारियों ने जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की बात कही है।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने नव वर्ष पर कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर लाभार्थियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने न पाए। इसके साथ ही आमजनमानस की समस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। अवैध खनन एवं अवैध परिवहन का शिकंजा कस अंकुश लगाया जाएगा। ऐतिहासिक धरोहरों एवं विरासतों को विकसित किया जाएगा ताकि पर्यटन के साथ ही रोजगार के भी नए अवसर तैयार हों।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजनमानस की सुरक्षा व्यवस्था है। समाज में गंभीर अपराध न हो। घटनाओं का समय से न्यायपूर्ण निस्तारण हो और पुलिस का आम जनता के बीच मित्रवत व्यवहार ही पुलिस का संकल्प है। मिशन शक्ति से मातृ शक्ति जागरूक हो रही है। इसके साथ ही सामाजिक समरसता लाना एवं साइबर अपराध पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने कहा कि संवेदनशीलता के साथ ही अपराधों पर लगाम लगाने के प्रयास किए जाएंगे। अगर कोई घटना सामने आती है तो समस्याओं को त्वरित संज्ञान ले उनका निराकरण कराया जाएगा। जनता और पुलिस के बीच बनी खाई को पाटने का काम किया जा रहा है। सभी थानों में हेल्प डेस्क के माध्यम से आगंतुकों की मदद की जा रही है।












