Maharashtra : महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम आज, मतगणना जल्द शुरू

Maharashtra : महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव 2025 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य की 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम आज घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न निकायों में खाली पड़ी 143 सदस्य पदों के परिणाम भी सामने आएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, रविवार सुबह 10 बजे से सभी मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। शुरुआती रुझान दोपहर तक सामने आने की संभावना है, जबकि अंतिम नतीजे देर शाम तक स्पष्ट हो सकते हैं।

शनिवार को हुए मतदान में 47.04 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से चला। चुनावी परिणामों को लेकर राजनीतिक दलों में उत्सुकता चरम पर है। खास तौर पर पुणे जिले की बारामती नगर परिषद और ठाणे जिले की अंबरनाथ नगर परिषद पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि ये दोनों निकाय राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माने जाते हैं।

पहले चरण में 47.51% मतदान

स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 263 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। शाम 5:30 बजे तक वोटिंग पूरी हुई और दोपहर 3:30 बजे तक 47.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका था। इस चरण में 6,042 सीटों और 264 अध्यक्ष पदों के लिए वोट डाले गए। दिलचस्प बात यह रही कि कुछ जगहों पर चुनाव बिना मुकाबले के ही निपट गए। डोंडाइचा नगर परिषद और अंगार नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हुआ, जबकि जामनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भी कोई मुकाबला नहीं हुआ।

कड़ी सुरक्षा, पारदर्शिता पर जोर

मतगणना के दौरान किसी भी तरह का विवाद न हो, इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतगणना केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अधिकारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। CCTV निगरानी, सुरक्षा बलों की तैनाती और चरणबद्ध काउंटिंग की व्यवस्था की गई है।

राजनीतिक दलों की साख दांव पर

इन चुनावों को 2025 के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष दोनों के लिए यह जनसमर्थन की परीक्षा जैसा है। बारामती पारंपरिक रूप से राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाका रहा है, जबकि अंबरनाथ में शहरी मतदाताओं का रुझान राजनीतिक संदेश तय करेगा। नतीजे यह संकेत भी देंगे कि आने वाले बड़े चुनावों में मतदाताओं का मूड किस ओर झुक सकता है।

अब सबकी निगाहें मतगणना पर हैं कुछ ही घंटों में यह साफ हो जाएगा कि महाराष्ट्र की स्थानीय राजनीति में किस दल की पकड़ मजबूत रही और किसे झटका लगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें