Maharajganj : मारपीट जाति-सूचक शब्दों के आरोप में चिउटहा चौराहे पर हंगामा, महिलाओं ने किया चक्का जाम

Sinduria, Maharajganj : सिंदुरिया थाना क्षेत्र के चिउटहा चौराहे पर शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर अचानक चक्का जाम कर दिया। कुछ ही देर में चारों ओर से आने-जाने वाला आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पर सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुँची और महिलाओं को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़ी रहीं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि मारपीट व जाति-सूचक शब्दों के प्रयोग के मामले में पुलिस ने अब तक आरोपी पक्ष को गिरफ्तार नहीं किया है। उनका कहना था कि पुलिस आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है, जिसके विरोध में उन्होंने चौराहा जाम कर अपना आक्रोश जताया। इसी दौरान पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई।

जाम के कारण कई वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिनमें एक एम्बुलेंस भी शामिल थी। स्थिति बिगड़ती देख सीओ सदर मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठी महिलाओं से बातचीत की कोशिश की। लेकिन वार्ता सफल न होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाना पड़ा।

घटना के अनुसार, चिउटहा निवासी कृष्णावती, पत्नी कृष्णानंद पासवान (अनुसूचित जाति) ने पड़ोसियों—मुन्नी देवी पत्नी संजय, राहुल पाण्डेय पुत्र संजय और मुन्नी देवी की दोनों बहुओं—पर पुरानी रंजिश में गाली-गलौज, जाति-सूचक शब्दों के प्रयोग और मारपीट करने का आरोप लगाया था।

इस संबंध में 3 दिसंबर 2025 को सिंदुरिया थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी, जिसका नतीजा शुक्रवार सुबह चक्का जाम के रूप में सामने आया।

चार थानों की फोर्स तैनात, एडिशनल एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा

स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस ने चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एडिशनल एसपी सिद्धार्थ कुमार मौके पर पहुंचे और संपूर्ण हालात का जायजा लिया। संभावित तनाव को देखते हुए चार थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी।

इधर, ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिश कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें