
भास्कर ब्यूरो
- पंकज चौधरी ने अधिकारियों से ली अभियान की सिलसिलेवार जानकारी, युवाओं को किया प्रेरित
Maharajganj : लोकतंत्र की मजबूती और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी महराजगंज नगर के वार्ड संख्या 15 चिउरहाँ स्थित बूथ संख्या 179 पर पहुंचे।
उनके आगमन से बूथ परिसर पर उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।वित्त राज्य मंत्री ने बूथ पर चल रही पुनरीक्षण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और अधिकारियों से अभियान की प्रगति की सिलसिलेवार जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने, पते में बदलाव तथा आवश्यक सुधार संबंधी फ़ॉर्मों की स्थिति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में जुड़ना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट जाता है तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर कमी होगी। उन्होंने उपस्थित युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक फ़ॉर्म भरवाए। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार के योग्य सदस्यों का नाम अवश्य जोड़ें और किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधार कराएं। बूथ स्तर के कर्मचारियों से कहा कि वे घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची से न छूटने पाए, इसके लिए कर्मचारियों को पूरी तत्परता से कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने बूथ पर उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार के लिए निर्देश दिए।
बूथ परिसर पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। वार्डवासियों ने मंत्री के आगमन पर उनका स्वागत किया और मतदाता सूची से संबंधित समस्याएं साझा कीं। मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण कराया गया, जिससे लोगों में संतोष का भाव दिखा।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, अमर नाथ पटेल, बबलू यादव, राजीव द्विवेदी, कृष्ण गोपाल जयसवाल, सतीश सिंह, रमेश वर्मा, दीपक, ऋषिकेश पटेल, राणा पटेल, पप्पू पटेल अबरार अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बडी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।










