
कोल्हुई, महराजगंज: स्थानीय थाना क्षेत्र के फरेंदा-लोटन मार्ग पर जिगिनिहा बैरियर के निकट दिन में एक बजे रेडियंस स्कूल के सामने अचानक महुआ का पेड़ गिर गया। जिसकी चपेट में एक बाइक पर सवार दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें निकालकर तत्काल राहगीरों की मदद से सिद्धार्थनगर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ के गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिसे कटर मशीन से काटकर रास्ता साफ किया गया।
जिगिनिहा निवासी ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार फरेंदा-लोटन मार्ग पर न आंधी थी, न बारिश। अचानक रेडियंस स्कूल जिगिनिहा के सामने बगीचे से महुआ का पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे बाइक सवार गिरते हुए पेड़ की चपेट में आ गए। लोगों का कहना है कि कुदरत को शायद उन्हें बचाना था, तभी पेड़ का आखिरी हिस्सा ही उन पर गिरा, जिससे उनके बचने की उम्मीद बनी रही। जिगिनिहा चौराहे के लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। राहगीरों ने तत्काल उन्हें अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त बाइक को भी हटाया। यह आकस्मिक घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: कन्नौज: पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाई, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
झांसी: मोंठ में बुजुर्ग महिला पर गाय ने किया हमला, हालत नाज़ुक