
बृजमनगंज, महराजगंज। उत्तरप्रदेश पुलिस ज्यादातर अपने कारनामों के लिए जानी जाती है लेकिन यूपी पुलिस के एक सिपाही ने मानवता की मिसाल कायम की है। बृजमनगंज थाना पर तैनात एक सिपाही ने एक महिला को लहू देकर उसकी जान बचाई है। बताते चले कि लेहड़ा जंगल में एक महिला के घायल अवस्था में गस्त कर रहे पुलिस को मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने घायल युवती को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा ले गई। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालात को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर दिया। इलाज के लिए उसे थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्यप्रकाश सिंह बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर ले गए। दर्द से कराह रही घायल महिला को त्वरित इलाज मिल सके जिसके लिए थानाध्यक्ष ने चिकित्सकों से आग्रह किया गया और इलाज शुरू हुआ चाकू लगने से महिला का काफी लहू बह गया था। चिकित्सकों द्वारा महिला को खून चढ़ाने के लिए कहा मगर खून की व्यस्था जल्द नही हो पा रही थी। ऐसे माहौल में जहां अपने भी रक्त दान के लिए तरह तरह के बहाने बनाते नजर आने लगते है।
वहीं, बृजमनगंज थाना पर तैनात सिपाही सन्दीप कुमार ने स्वैच्छिक रक्तदान कर संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मौत से लड़ रही घायल महिला की जान बचाने में महती भूमिका निभाई। पुलिस ने इस मामले में महिला के प्रेमी दिनेश प्रजापति निवासी ग्राम सिंहपुर तालही थाना पुरंदरपुर के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। महिला अनिता गौंड के द्वारा पुलिस को दिए गए तहरीर के अनुसार वह ग्राम सभा तालही की रहने वाली है। उसके पति संतकुमार की मृत्यु के बाद युवती का गांव के ही दिनेश कुमार प्रजापति से प्रेम करने लगी। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे और लगभग 15 वर्षों से उसे मुंबई लेकर रहने लगा। दस दिन पूर्व वह वापस लौट आई। जिसके बाद अपने प्रेमी दिनेश कुमार प्रजापति को उसके घर तालही ले कर जाने को जिद करने लगी।
जिसके क्रम में उसका प्रेमी दिनेश उसे लेकर इधर उधर घुमा रहा था। वह उसे लेकर लेहड़ा जंगल में आया और सुनसान पाकर सड़क के किनारे ले जा कर चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर उसे वही तड़पता छोड़ भाग गया। इस मामले में थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता महिला का इलाज चल रहा है।उसकी तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।आरोपी प्रेमी की खोज बिन में पुलिस लगी हुई है।