
- सभी विभाग अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय, जन जागरुकता के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम शुरू
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का महराजगंज में गुरुवार को व्यापक स्तर पर किया गया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, निकायों और स्कूलों में अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन वृहत स्तर पर किया गया।
पंचायतीराज विभाग ने परतावल, पनियरा, घुघली, निचलौल, धानी और मिठौरा ब्लाक के कई ग्राम पंचायतों जैसे कोटवा, सिरसिया, डोंगरी, रामचन्द्रही, कनापार आदि में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, चूना, ब्लीचिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव व्यापक पैमाने पर कराया गया। इसी प्रकार नगर निकायों में भी विभिन्न वार्डों में साफ–सफाई कराया गया। साथ ही कूड़े का निस्तारण भी कराया गया।कृषि विभाग ने बृजमनगंज, फरेंदा, पनियरा और परतावल के विभिन्न गांवों में चूहा, छछून्दर आदि से होने वाले रोगों और उनपर रोकथाम के विषय में जन जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग ने भी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों संचारी रोगों, उनके कारणों, उनसे बचाव और रोकथाम के विषय में जागरूक किया गया। विभिन्न विद्यालयों द्वारा रैली का आयोजन कर आसपास के लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ श्रीकांत शुक्ला ने बताया की संचारी रोग नियंत्रण अभियान का संचालन 01 जुलाई से किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सम्बन्धित विभागों द्वारा आपसी समन्वय से विभिन्न क्रियाकलापों का आयोजन कर संचारी रोगों पर प्रभावी रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं।