
महराजगंज। सिसवा विधानसभा (317) क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए विधायक प्रेम सागर पटेल ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर संपन्न हुई, जिसमें विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र की अनेक विकास योजनाओं और जमीनी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक प्रेम सागर पटेल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सिसवा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सड़क निर्माण, ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध भी किया।
विधायक प्रेम सागर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार सिसवा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वहां के नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक स्तर पर कार्यों की निगरानी बढ़ाने और लंबित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने की बात कही। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करने का भरोसा भी दिलाया, जिससे जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक के साथ उनके पुत्र करणवीर पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी युवाओं से जुड़ी समस्याओं, शिक्षा और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा में भाग लिया।