
Paniara, Maharajganj : यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में ब्लॉक प्रमुख पनियरा वेद प्रकाश शुक्ल ने एक नई पहल की घोषणा की है। इस पहल के तहत पनियरा विकास खंड में ‘समस्या समाधान गोष्ठी’ नामक बैठक की शुरुआत की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों में आने वाली समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है।
इस गोष्ठी के माध्यम से खंड विकास अधिकारी सभी न्याय पंचायतों में ग्राम प्रधानों, सचिवों, तकनीकी सहायकों और सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर आम जनता की समस्याओं को भी सुना जाएगा और उनका समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
वेद प्रकाश शुक्ल ने बताया कि इस नई पहल का मुख्य लक्ष्य उत्तर प्रदेश सरकार की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को इन योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और प्रत्येक सप्ताह इन कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।
‘समस्या समाधान गोष्ठी’ के माध्यम से भारत सरकार की सभी लाभकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा प्रधानों को धनराशि का सही उपयोग करने के लिए सुझाव दिए जाएंगे और नागरिकों को शासन स्तर से मिलने वाले प्रमाणपत्रों की आपूर्ति भी समय पर सुनिश्चित की जाएगी।
प्रमुख पनियरा ने उम्मीद जताई है कि यह नई पहल न केवल प्रधानों की समस्याओं का समाधान करेगी बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहायक होगी। इससे पनियरा के विकास को नई गति मिलेगी और यह क्षेत्र प्रगति की नई उड़ान भरेगा।
ये भी पढ़ें: Kasganj : संदिग्ध हालात में मिला चालक का शव, परिवार बोला– हत्या कर फेंका गया
Sitapur : तंबौर में कुदरत का प्रकोप, बारिश से जलमग्न हुआ अस्पताल व सड़कें