
भास्कर ब्यूरो
Sonauli, Maharajganj : नेपाल के मुस्तांग और मनांग जिलों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। इस क्षेत्र में तीर्थयात्रा पर आए सैलानियों को सांस लेने में कठिनाई,ब्लड प्रेशर की समस्या और हाथ-पैर सुन्न पड़ने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अत्यधिक ठंड और ऊँचाई के कारण स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ गई हैं, जिससे यात्रियों की स्थिति चिंताजनक हो गई है।
इसी बीच नेपाल सशस्त्र पुलिस बल 33 नंबर गुल्मी मुख्यालय मुस्तांग द्वारा बुधवार सुबह मुक्तिनाथ जाने वाले मुख्य द्वार पर एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत तीर्थयात्रियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें ऊँचाई जनित बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सलाह दी गई। सशस्त्र पुलिस बल के स्वास्थ्यकर्मियों ने ऑक्सीजन स्तर, रक्तचाप, और शरीर का तापमान आदि की जांच की और जरूरतमंदों को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया।

अभियान का उद्देश्य तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा अनुभव प्रदान करना है। सूत्रों के अनुसार अब तक नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने लगभग 2500 सैलानियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया है। यह अभियान न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से राहत कार्यों को भी गति दे रहा है।










