
महराजगंज: बढ़ती मोबाइल चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के क्रम में कोल्हुई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोल्हुई पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन में थानाध्यक्ष कोल्हुई आशीष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक जनार्दन चौधरी, राजीव कुमार सिंह व कांस्टेबल अमित यादव, राजू यादव ने दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप यादव 20, पुत्र दिनेश यादव, निवासी केशरी, थाना कोतवाली लोटन, जनपद सिद्धार्थनगर, व राजकुमार अग्रहरी 30, पुत्र रामलखन अग्रहरी, निवासी मुड़िला, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज शामिल हैं।
इसमें संदीप यादव बाइक से कोल्हुई-लोटन मार्ग पर शाम के वक्त बात करते हुए लोगों का मोबाइल एक झटके में छीन कर फरार हो जाता था, जिसे वह राजकुमार को बेच देता था। राजकुमार चोरी के मोबाइल नेपाल में खपा देता था। मोबाइल चोरी की वारदातों से कोल्हुई पुलिस परेशान हो गई थी।
पुलिस ने इनके पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल के साथ दो बाइक भी बरामद की हैं। इस संबंध में कोल्हुई पुलिस द्वारा पंजीकृत मुकदमा संख्या 0186/2025, धारा 305/317(2)/317(5) बी.एन.एस. के तहत वांछित दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय भेज दिया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कोल्हुई आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल चोरी की वारदात में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद : मंडी में आत्महत्या से हंगामा, प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ आढ़तियों का विरोध
जालौन: घर में सो रहे दंपति को सांप ने काटा, दोनों की मौत