महराजगंज महोत्सव : संगीत से सजी रात, असीम और यूफोरिया ने बांधा समां

महराजगंज। महोत्सव का पहला दिन पीजी कालेज ग्राउंड में संगीत और रोशनी की जगमगाहट के बीच अविस्मरणीय बन गया। शुक्रवार की रात आयोजित बॉलीवुड संध्या में सुप्रसिद्ध गायक असित त्रिपाठी ने अपनी मधुर आवाज़ से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर देर रात तक गूंजता रहा। शाम ढलते ही मंच पर रंग-बिरंगी लाइटों की छटा ने वातावरण को और भी मनमोहक बना दिया।

दर्शक अपने प्रिय गायक की एक झलक पाने को उत्सुक थे। जैसे ही रात करीब सवा नौ बजे असित त्रिपाठी मंच पर आए, चारों ओर से तालियों और उनके नाम की गूंज उठी। उत्साहित युवा अपनी सीटों से खड़े होकर हाथ हिलाते हुए उनका स्वागत करने लगे। असित ने शुरुआत रोमांटिक गीतों से की। “मुस्कुराने की वजह तुम हो” और “गुनगुनाने की वजह तुम हो” जैसे गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद “ले जाए मुझे कहां हवाएं” के जरिये उन्होंने अपनी गायकी का जादू बिखेरा। एक के बाद एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। ये मोह-मोह के धागे.. संयारा तू तो बदला नहीं है.. केसरिया तेरा इश्क है..और तू बन जा गली बनारस.. जैसे गीतों ने युवाओं की धड़कनों को तेज कर दिया।

हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। संगीतमयी शाम को और ऊंचाई पर पहुंचाया सुप्रसिद्ध रॉक बैंड यूफोरिया ने। बैंड की प्रस्तुति में आधुनिक रॉक संगीत और भारतीय लोक धुनों का अद्भुत संगम देखने को मिला। बैंड के प्रमुख गायक और अन्य सदस्यों ने अपनी कला से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शक लगातार झूमते और गीतों के साथ सुर मिलाते रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किया।

उन्होंने महोत्सव को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा, बजरंग बहादुर सिंह और नगरपालिका अध्यक्ष डॉ पुष्पलता मंगल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : साबह, मेरी पत्नी न तलाक दे रही न साथ देने को तैयार…! सीओ सदर बोली- ‘कायदे में रहोगे तो सोचूंगी’

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें