
बृजमनगंज, महराजगंज: खरीफ सीजन में धान की फसल महत्वपूर्ण चरण में है। इन दिनों फसलों के लिए खाद अत्यंत आवश्यक है। किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं। वहीं समिति पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने से निजी दुकानदार किसानों को महंगे दामों पर यूरिया देने के साथ-साथ सल्फर व जिंक लेने को भी जबरन मजबूर कर रहे हैं।
क्षेत्रीय सहकारी समिति शाहाबाद-बृजमनगंज पर बुधवार को खाद वितरण होने की जानकारी पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और उपनिरीक्षक अमित कुमार राय व अन्य पुलिस कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद टोकन से खाद वितरण शुरू हो पाया।
एक सप्ताह पूर्व खाद वितरण में छूटे किसानों को सहकारी समिति के चेयरमैन योगेंद्र यादव व एडीओ कोऑपरेटिव सुनील चौरसिया ने नाम दर्ज कर टोकन जारी किया था। करीब 160 छूटे किसानों में खाद वितरित किया गया। जिन किसानों का नाम दर्ज नहीं था, वे भी सुबह खाद लेने समिति पर पहुंच गए थे। उन्हें बताया गया कि पिछले बार के छूटे किसानों को ही टोकन दिया गया है और सिर्फ उन्हीं को खाद दी जाएगी। आज पहुंचे किसान अपना नाम दर्ज करवा लें, उन्हें स्टॉक आने पर पहले खाद दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार करीब 190 किसानों में 400 से अधिक पैकेट यूरिया वितरण किया गया। समिति अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने बताया कि अगले स्टॉक के लिए 250 से अधिक किसानों के नाम दर्ज कर लिए गए हैं। स्टॉक आने के बाद समिति के सदस्यों व पहले से नाम दर्ज किसानों में खाद वितरण करा दिया जाएगा।
इस मौके पर उपनिरीक्षक अमित कुमार राय, ब्रजेन्द्र मिश्र, सचिव राजेश कुमार यादव, लेखपाल अमरेश कुमार, अरविंद खरवार, बृजेश पाल आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: बस्ती : पुलिस में बड़ा फेरबदल, निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के तबादले
शाहजहांपुर: अल्हागंज और मिर्जापुर क्षेत्र में देर रात ड्रोन कैमरे उड़ने से दहशत, वीडियो वायरल