Maharajganj : विजयपुर चौराहे पर साइकिल से गिरने पर बुजुर्ग की मौत, गांव में छाया मातम

भास्कर ब्यूरो

Chowk Bazaar, Maharajganj : चौक थाना क्षेत्र के ग्रामसभा नाथनगर टोला नवडीहवा में उस समय मातम छा गया, जब गांव के 65 वर्षीय बुजुर्ग महातम साहनी पुत्र मोहन साहनी की अचानक सड़क पर गिरने से मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे विजयपुर चौराहे के पास घटी। जानकारी के अनुसार महातम साहनी गुरुवार की सुबह अपने कुछ साथियों के साथ बागापार पोखरे पर मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ने के बाद सभी साथी दोपहर में लौटते समय विजयपुर चौराहे पर कुछ देर चाय पीने के लिए रुके। चाय पीने के बाद सभी अपने-अपने घर की ओर निकल पड़े, लेकिन महातम साहनी कुछ पीछे रह गए।

बताया जाता है कि चौराहे से लगभग 150 मीटर की दूरी पर पहुंचने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर जुट गए और चौक थाना पुलिस को इसकी खबर दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन, जिनमें उनके नाती शेरू सहित अन्य परिजन शामिल थे, मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

महातम साहनी की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि वे मेहनतकश, ईमानदार और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी अचानक मृत्यु से गांव के हर चेहरे पर उदासी छा गई है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें