
महराजगंज : नशे के आदी पति ने पत्नी को 2.20 लाख में बेचा, न्यायालय के आदेश पर महराजगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
मिली जानकारी के अनुसार महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव निवासी तीतल गौतम की पुत्री शोभावती का विवाह 15 वर्ष पूर्व सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी तीरथ गौतम के पुत्र राजेश गौतम के साथ संपन्न हुआ था। दोनों से चार बच्चे सर्वेश 10 वर्ष , अखिलेश 7 वर्ष, अंशिका 8 वर्ष, और आरसी 4 वर्ष का जन्म हुआ।
इस संदर्भ में न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में पत्नी शोभावती ने आरोप लगाया कि उसका पति बदलापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी अशोक की गलत संगत में पड़कर दारू, गांजा, भांग आदि नशीले पदार्थों का सेवन करने लगा और गलत महिलाओं की संगत में भी आ गया। वह आए दिन घर पर गाली-गलौज व मारपीट करने लगा।
एक वर्ष पूर्व, उसका पति अशोक के षड्यंत्र में आकर राशन कार्ड बनवाने के बहाने उसे और उसके दो बच्चों आरसी और अंशिका को लेकर बदलापुर तहसील आया। वहां अशोक और उसके गैंग के लोग पहले से ही मौजूद थे। पति ने उसे बदलापुर थाना क्षेत्र के पखनपुर निवासी मुंशी हरिजन के साथ जाने को कहा। इस दौरान अशोक गैंग के लोगों ने असलहे के दम पर आतंकित करते हुए कहा कि अगर वह मुंशी के साथ नहीं गई तो उसके दोनों बच्चों को मार दिया जाएगा।
बच्चों की जान बचाने के लिए वह मुंशी के साथ जाने को तैयार हो गई। इस दौरान उसने अपने पति से अनुनय-विनय किया कि उसे अपने साथ ले चले, तो पति ने कहा कि यह हमारे रिश्ते में मामा हैं, इनके घर कोई नहीं है, ये बीमार हैं कुछ दिन सेवा करो। लेकिन मुंशी के घर जाने पर पता चला कि उसके पति ने उसे 2 लाख 20 हजार में बेच दिया है।
मुंशी उसे और उसके बच्चों को घर में कैद रखता था। जब इस बात की जानकारी उसके भाई गुड्डू को हुई तो वह ससुराल गया। जब उसने बच्चों और उसकी बहन के बारे में पूछताछ की तो पति ने कहा कि तुम्हारी बहन दोनों बच्चों को लेकर कहीं भाग गई है। इस पर भाई ने पूछा कि फिर तुमने खोजबीन क्यों नहीं की?
इसी दौरान वह मौका पाकर अपने मायके मजीठी जान बचाकर भाग आई।
ऐसे में न्यायालय के आदेश पर पति राजेश, बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादपुर निवासी अशोक कुमार, पखनपुर निवासी मुंशी हरिजन व एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध संबंधित धाराओं में महराजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
8000 प्रकाशवर्ष दूर एपेप में दर्ज हुई ब्रह्मांडीय तबाही, जेम्स वेब ने दिखाई दो तारों की आखिरी सांसें