Maharajganj : डीएम एसपी ने कोठीभार में मिशन शक्ति केंद्र का किया उद्घाटन

  • जनपद के थानों में चला मिशन शक्ति 5.0 के कार्यक्रम

Maharajganj : थाना कोठीभार में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा किया गया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत यह पहल प्रदेश सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शाती है। उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं को जागरूक करने, उनकी समस्याओं का समाधान करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत भुवना में महिला चौपाल लगाकर मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। जिलाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए नवरात्रि पर्व की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि 1090 महिलाओं के लिए समर्पित विशेष हेल्पलाइन नंबर है, जिस पर महिलाएं किसी भी प्रकार के अपराध के खिलाफ शिकायत या सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित शासन की नीतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं छोटे से छोटे अपराध की भी रिपोर्ट करें, ताकि आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि महिला अपराधों को लेकर सरकार और प्रशासन विशेष रूप से संवेदनशील है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रतनपुर, नौतनवां में मिशन शक्ति से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए। जिले के विभिन्न थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहे।

जनपद के थानों में आयोजित कार्यक्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीम के साथ छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1930, 112, 102, 108 और 1098 की जानकारी के साथ पंपलेट भी वितरित किए गए।

थाना घुघली, फरेन्दा और निचलौल के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में मिशन शक्ति टीम, साइबर टीम और एंटी रोमियो टीम ने बालक-बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह और महिला समृद्धि योजना के बारे में जानकारी दी। महिला थाना द्वारा दुर्गा मंदिर में चौपाल लगाकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें