
- राजस्व से संबंधित सभी मामलों का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाए: जिलाधिकारी
महराजगंज। शासन के निर्देशों और जनता से जुड़े राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के मकसद से प्रशासन ने एक और सख्त कदम उठाया है। फरेंदा तहसील में तैनात प्रभारी कानूनगो उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी पर धारा 24 के अंतर्गत लंबित मामलों में गंभीर लापरवाही और कार्यों में निष्क्रियता बरतने के आरोप हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, त्रिपाठी फरेंदा तहसील में प्रभारी कानूनगो के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा की गई विभागीय समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि उन्होंने धारा 24 से संबंधित कई मामलों का समय से निस्तारण नहीं किया गया था जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपेंद्र नाथ त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा है कि राजस्व से संबंधित सभी मामलों का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाए। इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट शब्दों में सख्त संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और जनकल्याण से जुड़ी नीतियों का लाभ आम जनता तक सही समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करना होगा।
यह भी पढ़ें – अमेरिका में पढ़ाई का सपना देख रहे विदेशी छात्रों को बड़ा झटका, वीजा इंटरव्यू पर अस्थायी रोक
https://bhaskardigital.com/big-blow-to-foreign-students-dreaming-of-studying-in-america-temporary-ban-on-visa-interview/