
महराजगंज : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को ग्राम पंचायत चेहरी में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन परियोजना की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने अस्थाई गो-आश्रय स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माणाधीन पंप हाउस और ओवरहेड टैंक का निर्माण भी करीब से देखा। सिलसिलेवार जिम्मेदारों से परियोजना के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पंप हाउस एवं ओएचटी का निर्माण कार्य तीन माह के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाना है। इस कार्य में ढिलाई कत्तई स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने ग्राम पंचायत के समस्त घरों को जल संयोजन उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। इससे पहले डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन से परियोजना की लागत और अन्य कई बिंदुओं की सिलसिलेवार जानकारी ली।
अधिशासी अभियंता आतिफ हुसैन ने कहा कि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में तय मानक की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा परियोजना की लागत 904 लाख रुपए है। इसके तहत नलकूप, शिरोपरि जलाशय (ओवरहेड टैंक), पंप हाउस, पंपिंग प्लांट, सोलर सिस्टम आदि कार्य किए जाने हैं। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से ग्राम चेहरी और बैजनाथपुर के कुल 12128 लोग लाभान्वित होंगे। ओवरहेड टैंक की क्षमता 03 लाख 75 हजार लीटर है। उन्होंने हाइवे के दूसरी ओर की बस्ती को परियोजना से जोड़ने की व्यवस्था की जानकारी ली। अधिशासी अधिकारी आतिफ हुसैन ने बताया कि एचडीडी तकनीकी द्वारा हाइवे पार की बस्ती को जोड़ा जाएगा। डीएम ने एचडीडी कार्य के दौरान गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सड़क को भी क्षति न हो, इसे सुनिश्चित करें।
इसके बाद डीएम ने अस्थाई गो-आश्रय स्थल चेहरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश शेड, वर्मी कंपोस्ट शेड, पशु आहार भंडारण कक्ष को देखा। पशुओं की संख्या की जानकारी ली। सीवीओ द्वारा अवगत कराया गया। अस्थाई गो-आश्रय स्थल में कुल 56 गोवंश संरक्षित हैं और सभी की ईयर टैगिंग की गई है। बीडीओ सदर को गो-आश्रय स्थल में लगे सीसीटीवी की एक्सेस विकास जनपद स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: कासगंज : 22 घंटे की लगातार बारिश में भरभराकर गिरा जर्जर मकान, मलबे में दबने से गृहस्वामी की मौत
बहराइच : खाद माफियाओं पर कस्टम की सर्जिकल स्ट्राइक, बोलेरो पिकअप सीज