
- जिलाधिकारी ने गौ माता का पूजन कर उन्हें गुड़ और फल खिलाए
- वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा की गई
- घुघली के परसौनी बुजुर्ग गांव स्थित अस्थाई गो आश्रय स्थल पर
Ghughli, Maharajganj : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को घुघली क्षेत्र के परसौनी बुजुर्ग गांव स्थित अस्थाई गो आश्रय स्थल पर पहुंचकर भगवान गोवर्धन की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने गौ माता को वस्त्र ओढ़ाकर उनकी विधिवत पूजा की। उन्होंने गौ माता को गुड़ और फल खिलाकर प्रणाम किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने गोशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगठन के गोरखपुर मंडल अध्यक्ष विजय कुमार मिश्र ने जिलाधिकारी को बुके देकर और साल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गोवंश को किसी प्रकार की कोई कठिनाई न हो, इसके लिए समस्त गौशालाओं में बेहतर प्रबंध किए गए हैं। निराश्रित गोवंश से आमजन को कोई परेशानी न हो, इसके लिए शासन के दिशा-निर्देश के तहत कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता को दर्शाता है। गाय को माता माना जाता है और उनकी पूजा की जाती है।
गोवर्धन पूजा की विशेषता भगवान कृष्ण की गोवर्धन लीला का उत्सव है। यह पर्व भगवान कृष्ण की भक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान को दर्शाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। गोवर्धन पूजा का महत्व भगवान कृष्ण की भक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान बढ़ाने में है। कार्यक्रम में पूजन कार्य पंडित गणपति मिश्र ने संपन्न कराया।
इस अवसर पर प्रमुख उपस्थित लोग थे: संघ के जिला कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पूर्व प्रधान भरत शुक्ल, वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार तिवारी, अविनाश उर्फ बंटी पटेल, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक त्रिपाठी, एडीओ पीपी केदारनाथ द्विवेदी, सीबीओ डॉ. होसिला प्रसाद, डॉ. सुमित्रा सिंह, सचिव दीप्ति जायसवाल, रामकिशोर वर्मा, बंधु मद्धेशिया, ऋषिकेश यादव, बैजनाथ गुप्ता, धीरेन्द्र सिंह और राजेंद्र सिंह।